25 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) सशक्त बहना उत्सव में स्वयं सहायता समूहों के स्टालों से मुख्यमंत्री ने की स्थानीय उत्पादों की खरीदारी
वोकल फॉर लोकल को जन-अभियान बनाने की मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से की अपील
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित सशक्त बहना उत्सव के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद राज्य की समृद्ध स्थानीय संस्कृति, परंपरा और हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीदारी से न केवल स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उनसे जुड़ी महिलाओं की आजीविका सशक्त होती है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेशवासियों को उपहारों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता देनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पाद की प्रत्येक खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने, किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूती देने और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देशभर में स्थानीय उत्पादों के प्रति नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार और व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पादों को अपनाएं, उनकी खरीदारी करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर ही आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती दी जा सकती है।






























