बिग न्यूज :- मानसून बाद युद्धस्तर पर शुरू होगा सड़क सुधार अभियान, कैबिनेट बैठक में विस्तृत मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) तथा अन्य विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी और ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। बैठक में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित उन पुरानी सड़कों के सुधार पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और जिनका नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों के सुधार के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार किया गया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य एक साथ युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। इसके लिए संबंधित विभागों को अभी से सभी तैयारियां पूरी करने और निविदा प्रक्रिया समय से संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश समाप्त होने के बाद कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
कैबिनेट बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि और संसाधन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सड़क सुधार कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें