बिग न्यूज :- मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में चम्पावत को ₹62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं की सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

27 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) धूरा (चम्पावत)। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को चम्पावत जनपद के रामलीला मैदान, धूरा में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए ₹62.97 करोड़ की 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।
इनमें ₹11.08 करोड़ की 20 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹51.89 करोड़ की 30 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा-दुर्गापीपल तक सड़क निर्माण, भागिना भंडारी में राजकीय इंटर कॉलेज एवं प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने सहित विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण की घोषणा की।
इसके अलावा आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी और बस्तियागूंठ सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य, ग्राम पंचायत पोथ में लदिया नदी पर झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई के लिए नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण की घोषणा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। उन्होंने कहा कि चम्पावत से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें हमेशा नई ऊर्जा देता है। मुख्यमंत्री ने कुमाऊंनी भाषा में भी मातृशक्ति से संवाद किया और महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार एवं समाज के निर्णयों में भागीदार बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज हॉस्टल, आईटीआई लैब, ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान और महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। वोकल फॉर लोकल, हाउस ऑफ हिमालयाज, हिलांस आउटलेट, फूड वैन और ई-रिक्शा जैसे माध्यमों से महिलाओं को रोजगार तलाशने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनने के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर बनता है और परिवारों की मजबूती से गांव, समाज और पूरा उत्तराखंड सशक्त एवं समृद्ध होता है। सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां किसी बेटी को अवसरों की कमी के कारण पलायन न करना पड़े।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। रक्षाबंधन के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविंद सामंत, जिला महामंत्री श्री मुकेश कलखुड़िया, दायित्वधारी श्री श्याम नारायण पांडेय, श्री मुकेश महराना, श्री सुभाष बगौली, श्री मनोज कालाकोटी, श्रीमती हेमा जोशी, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें