बिग न्यूज :- प्रदेशभर से आई बहनों ने मुख्यमंत्री धामी को बांधा रक्षा सूत्र, मातृशक्ति के सशक्तीकरण को बताया सरकार की प्राथमिकता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

26 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आई बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा प्रदेशवासियों को रक्षा बन्धन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बन्धन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। प्रदेश की मातृशक्ति का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें उत्तराखण्ड की सेवा एवं राज्य के विकास के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं राज्य सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल कर निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही लखपति दीदी अभियान के तहत उत्तराखण्ड में 3 लाख 09 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, कृषि, हस्तशिल्प और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका मजबूत करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर राज्य के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखण्ड और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर श्रीमती गीता पुष्कर धामी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्रीमती आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई मातृशक्ति मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें