बिग न्यूज :- व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध, सीएम धामी बोले—“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

29 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) हल्द्वानी, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईटीसी फॉर्च्यून, हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
संवाद के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण और पार्किंग, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक प्रदेश की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यावसायिक वातावरण तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कोविड के कठिन दौर में भी किराना और रिटेल व्यापारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों तक आवश्यक वस्तुएं पहुंचाईं। व्यापारी वर्ग ने संकट के समय सामाजिक जिम्मेदारी निभाकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका साबित की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरल बनाने के लिए “निवेश मित्र” और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। वर्तमान में 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इन्वेस्टर्स समिट के सुझावों के आधार पर 30 से अधिक नीतियां भी तैयार की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से स्टार्टअप नीति लागू की गई है और 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है।
सीएम ने कहा कि औद्योगिक विकास को पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिन्हित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है, जबकि भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य “मेड इन उत्तराखंड” को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार में मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने व्यापारियों से प्रदेश में निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा, “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।”
कार्यक्रम में सांसद नैनीताल-ऊधमसिंह नगर अजय भट्ट, राम सिंह कैड़ा, नवीन लाल वर्मा, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, शंकर कोरंगा, हुकुम सिंह कुंवर सहित व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें