बिग न्यूज :- सीएम धामी ने देखी आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’, बाबा नीब करौरी महाराज की भक्ति और सेवा भावना से हुए अभिभूत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

04 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में परम श्रद्धेय बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और उनके मानव सेवा के संदेश की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। बाबा नीब करौरी महाराज का कैंची धाम आज देश-विदेश में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसे संतों के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं।
उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें