16 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को खटीमा पहुंचे। उन्होंने लोहियाहेड हेलीपैड एवं कैंप कार्यालय में आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसेवा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






























