बिग न्यूज :- प्रबुद्धजनों से संवाद में बोले सीएम धामी—‘आदर्श चम्पावत’ के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ का संकल्प होगा साकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा के शुमंगलम होटल में युवा संवाद कार्यक्रम के बाद प्रबुद्धजनों से संवाद कर क्षेत्र के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर सुझाव लिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में भावुक करने वाला दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बनबसा की महिला ग्राम प्रधान एवं दिव्यांग कमला देवी मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए आगे बढ़ना चाह रही थीं। उन्हें देखकर मुख्यमंत्री स्वयं अपने स्थान से उठकर उनके पास पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
संवाद के दौरान प्रबुद्धजन बंशीधर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर संवाद करने के लिए आभार जताया। पूर्व सैनिक पुष्कर कापड़ी, पूर्व कैप्टन भानी चंद और अर्जुन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चम्पावत सहित प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने खेल, पर्यटन, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तिकरण, साइंस सेंटर, टनकपुर में रेल सुविधाओं, शारदा कॉरिडोर और आईएसबीटी टनकपुर जैसे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के दर्पण होते हैं और उनके विचार एवं चिंतन समाज को दिशा देने का काम करते हैं। प्रबुद्धजनों से मिलने वाली ऊर्जा, सुझाव और आशीर्वाद सरकार को विकास कार्यों को नई गति देने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि चम्पावत को आदर्श चम्पावत बनाने का संकल्प लिया गया है और इसी के साथ पूरे उत्तराखंड को आदर्श उत्तराखंड बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। टनकपुर में आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने की दिशा में कार्य जारी है। ककराली गेट से पूर्णागिरि धाम तक स्थायी प्रकाश व्यवस्था के साथ रोपवे और हेलीपैड के विकास पर भी काम किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा के दृष्टिगत टनकपुर पर्यटन और तीर्थाटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले में पार्किंग, एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान, अत्याधुनिक साइंस सेंटर सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सतत विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जीएसडीपी पिछले पांच वर्षों में दोगुनी हुई है और पर्यटन के क्षेत्र में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कर्तव्य पथ पर मानसखंड की झांकी को प्रथम स्थान मिलना उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का गौरव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत के प्रबुद्धजनों से मिलने वाला मार्गदर्शन सरकार को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के साथ उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरण देवी, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, मुख्यमंत्री के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल सहित अन्य प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें