बिग न्यूज :- बनबसा में युवाओं से बोले सीएम धामी—युवा शक्ति ही उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी ताकत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) 

नकल विरोधी कानून से 34 हजार से अधिक पारदर्शी नियुक्तियां, युवाओं को रोजगार-स्‍वरोजगार से जोड़ने के लिए बनेगा युवा आयोग


चंपावत/बनबसा, 31 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा स्थित होटल शुमंगलम में आयोजित ‘युवा संवाद एवं प्रतिभा सम्मान समारोह’ में युवाओं से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास का मार्ग युवाओं की क्षमता, समर्पण और नए संकल्पों से ही प्रशस्त होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने युवाओं की जिज्ञासाओं और सवालों के सीधे जवाब दिए।


छात्रा मिलन कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री से उनके जीवन सफर के बारे में सवाल किया। मुख्यमंत्री ने अपनी शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से निर्वहन कर महान बनता है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के बूथ स्तर से लेकर महाविद्यालय और सड़कों तक कार्यकर्ता के रूप में किए गए संघर्ष और अनुशासन ने उनके जीवन को दिशा दी।


छात्रा प्रीति पांडे ने नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए टनकपुर में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए उचित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पारदर्शी प्रक्रिया से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं।
छात्र रोहित शर्मा के नशे के खिलाफ संदेश संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की।


छात्र सुमित सिंह नायक के यूसीसी, नकल विरोधी कानून और अवस्थापना विकास संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा सीमांत क्षेत्र के विकास के तहत आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलीटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
युवा आयोग के गठन से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है, जो युवाओं को सही दिशा, मार्गदर्शन के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की करीब 65 प्रतिशत आबादी युवा है और यह 21वीं सदी की सबसे बड़ी शक्ति है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर युवा शक्ति देश का परिदृश्य बदल सकती है। उन्होंने अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ को दोहराते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी जैसे जनपदों में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।
युवा प्रतिभाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, समाजसेवा, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया। नीट परीक्षा में सफल बसटिया की हिमानी विश्वकर्मा, अमेजॉन में 47 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्राप्त करने वाली बिचई की श्वेता चंद तथा राष्ट्रीय पैरा आर्म रैसलिंग में स्वर्ण पदक विजेता टनकपुर के पवन गढकोटी को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा खेल एवं दिव्यांग कल्याण में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार विजेता बनबसा के संदीप रस्तोगी, निःशुल्क गौ सेवा में योगदान देने वाले पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान संचालक मनीष सिंह, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत अजंता विजय, बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने वाले कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति एवं मीडिया इंफ्लुएंसर तरुण भट्ट तथा युवतियों को सेना और पुलिस भर्ती की निःशुल्क ट्रेनिंग देने वाली अरुणिमा रावत को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र अंकित भट्ट ने मुख्यमंत्री से पहाड़ी भाषा में संवाद किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी पहाड़ी भाषा में जवाब देकर युवाओं से आत्मीय संवाद कायम किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा गौरव पांडे, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा मुकेश जोशी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें