01 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा बनबसा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का विधिवत लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। एसएसबी जवानों के बिगुल वादन के बीच दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण गौरव और सम्मान का क्षण है। यह स्मारक वीर सैनिकों के साहस, त्याग और बलिदान की स्मृतियों को हमेशा जीवंत रखेगा और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं सैनिक परिवार से आते हैं, इसलिए सैनिकों और उनके परिवारों से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों को देश के अंतिम क्षेत्र के बजाय ‘पहले क्षेत्र’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों, वीर माता और वीरता पदक विजेता सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया तथा एसएसबी जवानों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों, वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।






























