बिग न्यूज :- टनकपुर में खेल महाकुंभ-2026 का आगाज, सीएम धामी ने खिलाड़ियों को सौंपी मशाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

01 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत के टनकपुर स्थित स्व. कैलाश चन्द्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को ‘खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट खिलाड़ी गहना महर को मशाल सौंपकर प्रतियोगिता का आगाज किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, निष्पक्षता और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की शपथ ली।
सीएम धामी ने कहा कि खेल महाकुंभ गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को न्याय पंचायत स्तर से राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मजबूत मंच है। इस वर्ष विजेता खिलाड़ियों को करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में दी जाएगी। वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश की ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल महाकुंभ के माध्यम से इस वर्ष न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
01 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैम्पियनशिप, 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैम्पियनशिप और 10 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से पूरी लगन, अनुशासन और निष्ठा के साथ खेल मैदान में उतरकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें