बिग न्यूज :- खटीमा को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, जल्द बनेगा आधुनिक स्टेडियम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

01 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा को बड़ी सौगात देते हुए आधुनिक स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की। नगर वन ऑक्सीजन पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की यह घोषणा क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरकार का प्रयास है कि गांव और न्याय पंचायत स्तर से निकलने वाली प्रतिभाओं को बेहतर खेल सुविधाएं और उचित मंच मिले, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।
खटीमा में स्टेडियम बनने से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए स्टेडियम के साथ सर्किट हाउस, वेडिंग जोन, क्रियाशाला, नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण और वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में शिफ्ट करने समेत कुल छह बड़ी घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण करने के बाद परिसर का निरीक्षण किया और ओपन जिम में व्यायाम कर सुविधाओं का जायजा भी लिया। साथ ही पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर उत्तराखंड को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए खेल, रोजगार और पर्यटन के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें