बिग न्यूज :- ऊधमसिंह नगर में बिना मान्यता संचालित चार मदरसे सील, बाजपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

02 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में बिना आवश्यक मान्यता और दस्तावेजों के संचालित मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बाजपुर परगना क्षेत्र में प्रशासन ने चार मदरसों को सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
एसडीएम बाजपुर ऋचा सिंह और कोतवाली निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई हुई। प्रशासन के अनुसार, मदरसा जामिया हनफिया रजाउत उलूम, मदरसा गुलशने इस्लाम, मदरसा जामिया फातिमा और मदरसा मोइनुल उलूम को सील किया गया है।
एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र के अन्य मदरसों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। निर्धारित मान्यता और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, राज्य की नई मदरसा शिक्षा व्यवस्था और मान्यता संबंधी प्रावधानों को लेकर नैनीताल हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। मामले में हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई 15 सितंबर को प्रस्तावित है।
ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के तहत जिले में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत धार्मिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा के साथ बच्चों को विज्ञान, गणित, कंप्यूटर और कौशल विकास जैसी आधुनिक शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें