बिग न्यूज :- NeST Fest-2026 में सीएम धामी का आह्वान—युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी ताकत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

05 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज )

पूर्वोत्तर के युवाओं का उत्तराखण्ड की ओर से स्वागत, बोले धामी—‘देवभूमि उत्तराखण्ड आपका अपना घर है’


नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में My Home India द्वारा आयोजित ‘NeST Fest-2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का उत्तराखण्ड की ओर से स्वागत करते हुए आयोजन के लिए My Home India की टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी युवा ऊर्जा में उन्हें भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। युवा केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश की उस शक्ति के प्रतिनिधि हैं, जिनमें बड़े सपनों को साकार करने का सामर्थ्य और साहस है। उन्होंने युवाओं से खूब पढ़ने, खेलों में आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया।
सीएम धामी ने कहा कि NeST Fest केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर और उत्तराखण्ड के पहाड़ी परिवेश, रहन-सहन और भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजनों से दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीय संबंध और मजबूत होते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर को देश के विकास का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन माना गया है। वर्ष 2014 के बाद क्षेत्र में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। इससे पूर्वोत्तर में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास प्रयासों के केंद्र में पूर्वोत्तर का युवा है। डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में भी पूर्वोत्तर में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में वर्ष 2025 में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें देशभर के 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की मशाल उत्तराखण्ड से पूर्वोत्तर भेजी गई है और उम्मीद जताई कि पूर्वोत्तर में होने वाले राष्ट्रीय खेल भी खिलाड़ियों के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।
सीएम धामी ने कहा कि मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्वर्गीय भूपेन हजारिका जैसी अनेक महान प्रतिभाएं पूर्वोत्तर ने देश को दी हैं। इन प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश का गौरव बढ़ाया है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में शिक्षा प्राप्त कर रहे पूर्वोत्तर के छात्र-छात्राओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “देवभूमि उत्तराखण्ड आपका अपना घर है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें