बिग न्यूज :- सरकारी स्तर पर और भव्य रूप से मनाया जाएगा हरितालिका तीज उत्सव: सीएम धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

06 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में गोर्खाली समाज का महत्वपूर्ण योगदान, महिला सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
देहरादून। जसवंत सिंह ग्राउंड, गढ़ी कैंट में रविवार को आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने हरितालिका तीज उत्सव को आगामी समय में सरकारी स्तर पर और अधिक भव्य रूप से आयोजित किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गोर्खाली समाज की माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरितालिका तीज माता पार्वती की अटूट तपस्या, विश्वास, समर्पण और शक्ति का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि माताएं और बहनें भाषा, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की सबसे बड़ी संरक्षक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोर्खाली समाज अपनी वीरता, निष्ठा, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति के लिए जाना जाता है। देश की सीमाओं की रक्षा में गोर्खा वीरों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है। उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में भी गोर्खाली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षा, खेल, कला-साहित्य और समाज सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों ने प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अमर शहीद कप्तान दल बहादुर थापा की स्मृति में ‘आजाद हिन्द फौज शहीद द्वार’ का शिलान्यास किया गया है। यह शहीद द्वार गोर्खा समाज के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनने के साथ नई पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराएगा।
भारत-नेपाल संबंधों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच केवल पड़ोसी देशों का रिश्ता नहीं, बल्कि सदियों पुराने सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध हैं। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है और उन्होंने नेपाल के शीघ्र संकट से उबरने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, समान नागरिक संहिता के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने तथा स्वयं सहायता समूहों के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और परिवार के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आचार्य बालकृष्ण, गीता पुष्कर धामी, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी की अध्यक्ष प्रभा शाह, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें