21 अक्टूबर 2026 ( सीमांत की आवाज )
बनबसा में 7.38 लाख रुपये की स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर भाई और मामा भी शामिल
बनबसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24.60 ग्राम स्मैक बरामद
चम्पावत जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24.60 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना बनबसा का हिस्ट्रीशीटर अनूप सक्सेना भी शामिल है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 350 रुपये की नकदी भी
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात धनुषपुल चौकी चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान गौरव सक्सेना से 8.13 ग्राम, देवेन्द्र सिंह से 8.15 ग्राम और अनूप सक्सेना उर्फ कल्लू से 8.32 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, अनूप सक्सेना के खिलाफ पूर्व में आबकारी और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि गौरव सक्सेना भी पहले स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनय मित्तल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अपील: चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने और नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की है।













