15 अक्टूबर 2026 ( सीमांत की आवाज ) बनबसा में जुआ खेलते आठ लोग गिरफ्तार, 21,170 रुपये बरामद
पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलें भी कीं सीज, सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने के आरोप में मुकदमा दर्ज
बनबसा (चम्पावत)। जनपद चम्पावत में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बनबसा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 21,170 रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा आरोपियों की पांच मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बनबसा विनय मित्तल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 14 अक्टूबर 2026 की शाम चेकिंग के दौरान शनि मंदिर के पास बैराज पुल क्षेत्र में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस टीम ने मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ताश के 52 पत्ते और 21,170 रुपये बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारा सिंह नेगी (55), किशन आर्या (38), अन्नू (34), देव सिंह चौहान (44), बंटी गुप्ता (45), साबिर हुसैन (67), बनवारी लाल (57) और अनीस अहमद (56) के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी बनबसा क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि किशन आर्या ऊधम सिंह नगर जिले के झनकैय्या थाना क्षेत्र के नगरा तराई कालापुल का निवासी है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना बनबसा में मुकदमा संख्या 79/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से मिली पांच मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: थानाध्यक्ष विनय मित्तल, शारदा बैराज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेश सिंह मेहरा, अपर उपनिरीक्षक धीरज सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल नईम अहमद, कांस्टेबल विजय राणा, ललित मोहन जोशी और पंकज सजवाण शामिल रहे।













