15 अक्टूबर 2026 ( सीमांत की आवाज ) बनबसा (चम्पावत)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान चम्पावत एसओजी टीम ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो-एन वाहन से 1 लाख 17 हजार रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की है। पुलिस के अनुसार, उक्त धनराशि नेपाल ले जाई जा रही थी। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए नकदी और वाहन को कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान इमीग्रेशन कार्यालय के निकट सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन (नंबर UP 32 PK 0100) को रोककर जांच की गई।
वाहन को उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी साने आलम उर्फ टीटू चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, चालक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उससे पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1,17,000 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
तीन आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, साने आलम उर्फ टीटू के विरुद्ध संभल और असमोली थानों में पूर्व में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2014 और 2020 के भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) तथा वर्ष 2024 के भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) से संबंधित मामले शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम में हेड कांस्टेबल तपेन्द्र जोशी, कांस्टेबल ललित चौधरी और कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों और अवैध परिवहन पर प्रभावी निगरानी के लिए चेकिंग अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।













