28 अगस्त ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। भारत-नेपाल सीमा से सटे खटीमा क्षेत्र के ग्राम बग्गा चौवन में शुक्रवार को आबादी के नजदीक बाघ ने एक 17 वर्षीय किशोर पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में किशोर की पीठ और चेहरे पर पंजे लगे, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए मौके से भागकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ईश्वर सिंह बिष्ट पुत्र खुशाल सिंह बिष्ट, उम्र 17 वर्ष, छठ घाट मंदिर की ओर से सरपुड़ा बाजार आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से घबराए ईश्वर ने शोर मचाते हुए भागना शुरू किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर चला गया और किशोर की जान बच गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, बग्गा चौवन क्षेत्र में पहले भी बाघ की मौजूदगी और हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि बाघ कई लोगों पर हमला कर चुका है और पूर्व में बाघ के हमले में लोगों की जान भी जा चुकी है। आबादी के पास लगातार बाघ की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने और बाघ को पकड़ने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।






























