28 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज )
बाघ के हमले में घायल किशोर का सीएम धामी ने लिया हालचाल
बाघ के हमले में घायल 17 वर्षीय किशोर के परिजनों से सीएम धामी ने की दूरभाष पर बात
हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में बेहतर उपचार के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों को दिए निर्देश, परिजनों ने जताया आभार
खटीमा। बग्गा-54 से सरपुड़ा जा रहे 17 वर्षीय किशोर ईश्वर पुत्र खुशहाल सिंह पर जंगल के पास घात लगाए बैठे बाघ ने हमला कर दिया। किशोर की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बाघ के चंगुल से बचाया। बाघ के हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय खटीमा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घायल किशोर के परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर उसकी कुशलक्षेम जानी। मुख्यमंत्री ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए घायल किशोर को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजे जाने के संबंध में वरिष्ठ चिकित्सकों से भी दूरभाष पर वार्ता की।
मुख्यमंत्री धामी ने वरिष्ठ चिकित्सकों को घायल किशोर का समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों से किशोर के स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए।
वहीं, मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर घायल किशोर की कुशलक्षेम पूछे जाने पर परिजनों ने उनका आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस संवेदनशीलता के साथ परिवार का हालचाल जाना और उपचार को लेकर चिकित्सकों को निर्देशित किया, उससे उन्हें काफी संबल मिला है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और क्षेत्र में ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की। विभाग की ओर से क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की बात कही गई है। वहीं ग्रामीणों ने बग्गा-सरपुड़ा मार्ग पर बाघों की आवाजाही को देखते हुए ऊंची तारबाड़ लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पूर्व में भी वन्यजीवों की आवाजाही के कारण लोगों में भय का माहौल रहा है और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।






























