16 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) हल्द्वानी/चोरगलिया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचे। यहां उन्होंने क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
शेर नाला के मानसून के दौरान उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित हो जाता था और स्थानीय लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नए पुल के निर्माण से चोरगलिया क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने पुल निर्माण और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।






























