बिग न्यूज :- मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, इंजीनियरिंग छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत/टनकपुर,  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के आगामी 1 सितम्बर को टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रस्तावित भ्रमण एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी  मनीष कुमार ने शनिवार को संस्थान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल, नवनिर्मित बालिका छात्रावास, नए सृजित संकायों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में संस्थान के विस्तारीकरण एवं विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही आवश्यक आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान के निदेशक डॉ. एच.एल. मंडोरिया एवं प्रबंधन टीम के साथ परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने नवनिर्मित गर्ल्स हॉस्टल, नए संकायों एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि संस्थान के विस्तारीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और 4 हेक्टेयर भूमि क्षतिपूरक वनीकरण/कैम्पा के अंतर्गत आवंटित की जा चुकी है। कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रियाओं एवं ऑनलाइन स्वीकृतियों का कार्य भी तेजी से संचालित किया जा रहा है।
इंजीनियरिंग विद्यार्थियों से किया संवाद
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संस्थान में आयोजित “इंट्रोडक्शन प्रोग्राम—एक्सपर्ट टॉक ऑन रोल ऑफ इंजीनियर इन दी डेवलपमेंट ऑफ सोसाइटी” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए इंजीनियरिंग शिक्षा, करियर निर्माण और समाज के विकास में इंजीनियरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना बेहद जरूरी है। चुनौतियों से घबराने के बजाय धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, पहले से विषयों का अध्ययन करने और निरंतर रिवीजन की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ फिजिकल फिटनेस, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। अपने इंजीनियरिंग छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को कॉलेज के समय का सदुपयोग करने, व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने, इंडस्ट्रियल विजिट करने और प्रैक्टिकल लर्निंग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से उत्तराखंड के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता को समझने का भी आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने टॉपर बनने की रणनीति, परीक्षा के तनाव, समय प्रबंधन और करियर प्लानिंग से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका जिलाधिकारी ने अपने अनुभवों के आधार पर व्यावहारिक जवाब दिया।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल समाज और देश के विकास की दिशा तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें