01 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि युवाओं के आत्मविश्वास से स्पष्ट है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। मुख्यमंत्री ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय को केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और संस्कारों का केंद्र बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास, हाउस ऑफ हिमालय, स्टेट मिलेट मिशन, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज हुआ है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है तथा 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने और कैंप लगाकर युवाओं की समस्याओं का समाधान कराने की बात भी कही।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।










