बिग न्यूज :- खटीमा में ₹7.23 करोड़ की गौशाला का सीएम धामी ने किया लोकार्पण, ₹108.84 करोड़ की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

24 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा के हल्दीघेरा में ₹7.23 करोड़ की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹108.84 करोड़ की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें राज्य मार्ग-70 के सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग तक 13.60 किलोमीटर सड़क के ₹34.44 करोड़ की लागत से उच्चीकरण का कार्य प्रमुख है।
मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौशाला के माध्यम से निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय मिलेगा। इससे गोवंश की बेहतर देखभाल के साथ किसानों और स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी तथा सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है। वहीं, ग्राम्य गौ सेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है और शहरी विकास व पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है।
सीएम धामी ने कहा कि गौ संरक्षण के साथ गोवंश को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा सहित पूरे ऊधम सिंह नगर जिले में सड़क, पुल, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें