01 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज )
खटीमा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत की। सीएम धामी ने शहीद आंदोलनकारियों की प्रतिमाओं पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा गोलीकांड के अमर बलिदानियों के संघर्ष और बलिदान से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि खटीमा राज्य आंदोलन की तपोभूमि है और राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड का निर्माण करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सीएम ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन में वृद्धि समेत कई सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने मातृशक्ति के योगदान को देखते हुए सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिए जाने की बात भी कही।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक भुवन कापड़ी, विधायक गोपाल सिंह राणा समेत जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।






























