बिग न्यूज :- सीएम धामी की पहल से आठ वर्षीय देव को मिलेगी नई उम्मीद, मुफ्त इलाज का खर्च सरकार उठाएगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा उधम सिंह नगर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी रवि शर्मा के आठ वर्षीय बेटे देव के उपचार की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के इलाज का पूरा खर्च वहन करने के निर्देश दिए हैं।
गत दिवस मुख्यमंत्री धामी लोहियाहेड स्थित रवि शर्मा की दुकान पर टिक्की खाने पहुंचे थे। इस दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका आठ वर्षीय बेटा देव बचपन से ही बीमारी से पीड़ित है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। बच्चे का लंबे समय से उपचार कराया जा रहा है। इन्द्रेश चिकित्सालय, देहरादून में भी उसका उपचार कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी चिकित्सकों के साथ रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंचे। ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एचएस ऐरी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने बच्चे का परीक्षण किया तथा उसके पूर्व में कराए गए उपचार और मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली।
चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद बच्चे की एमआरआई जांच कराने का सुझाव दिया, जिसके आधार पर आगे का उपचार तय किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मौके पर ही अगले दिन बच्चे की एमआरआई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन एवं सहायक उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उसके बेहतर उपचार की हरसंभव व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री की इस पहल से रवि शर्मा के परिवार को अपने बेटे के बेहतर इलाज की नई उम्मीद मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें