03 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत, 3 सितंबर। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। राज्य योजना वर्ष 2026-27 के तहत बर्दाखान-बिसराड़ी-आली मोटर मार्ग के किमी 4.00 से 6.050 तक 3.050 किमी सड़क के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 211.72 लाख रुपये यानी करीब 2.12 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति शासन से मिल गई है।
सड़क के सुधारीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और आमजन को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने से स्थानीय विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता की निरंतर निगरानी और तकनीकी मानकों के पूर्ण अनुपालन पर विशेष जोर दिया।
लोक निर्माण विभाग द्वारा शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद आवश्यक तकनीकी एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत जिले में सड़क और अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। यह परियोजना लोहाघाट क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





























