बिग न्यूज :- विकास प्राधिकरणों पर सीएम धामी सख्त, 15 दिन में सड़कें दुरुस्त और 15 अक्टूबर तक पूरा हो सौंदर्यीकरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

02 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास प्राधिकरणों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से विकास कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्टर प्लान और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और हर कार्य की स्पष्ट समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
सीएम धामी ने प्राधिकरण क्षेत्रों की सभी खराब सड़कों को अगले 15 दिनों में दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, शहरी क्षेत्रों में 15 अक्टूबर तक बड़े स्तर पर सौंदर्यीकरण कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने सौंदर्यीकरण को G20 समिट की तर्ज पर आकर्षक और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
अवैध निर्माण पर निगरानी के लिए प्रत्येक विकास प्राधिकरण में Illegal Construction Monitoring Dashboard बनाने के निर्देश दिए गए हैं। GIS, ड्रोन और सैटेलाइट इमेजरी के जरिए शुरुआती स्तर पर ही अवैध निर्माण चिन्हित किया जाएगा और संदिग्ध निर्माण से लेकर नोटिस, सीलिंग और ध्वस्तीकरण तक की कार्रवाई की रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी।
मुख्यमंत्री ने सभी शहरों में सिटी पार्क और पिंक टॉयलेट विकसित करने के निर्देश दिए हैं। अगली समीक्षा बैठक तक करीब 70 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया है। वहीं, देहरादून और हरिद्वार क्षेत्र में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए MDDA और HRDA को मल्टी-लेवल, सरफेस, पेरीफेरल पार्किंग और PPP मॉडल पर ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
सीएम ने ऑनलाइन नक्शा स्वीकृति प्रणाली को सभी जिला स्तरीय विकास प्राधिकरणों से जोड़ने, वेबसाइटों को नागरिकों के लिए सरल बनाने और तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। साथ ही 2 से 3 विकास क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में Land Pooling Scheme लागू करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार समेत सभी विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें