03 सितम्बर 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पशुपालन विभाग और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 101 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा की भावना से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके बाद सरकारी नौकरियां सिफारिश नहीं बल्कि प्रतिभा और मेहनत के आधार पर मिल रही हैं।
सीएम ने कहा कि पशुपालन और गन्ना विकास विभाग ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़े हैं। पशुपालन के माध्यम से रोजगार, स्वरोजगार और मातृशक्ति के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं गन्ना किसानों के हित में सर्वेक्षण व्यवस्था को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है तथा किसानों को आधुनिक तकनीक और उन्नत प्रजातियों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मंत्र को आत्मसात कर ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, खजानदास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, सचिव एस.एन. पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।





























