21 फरवरी 2026 ( सीमांत ) उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में हुई वृद्ध महिला की हत्या का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
एस एस पी अजय गणपति के अनुसार बताया गया कि 18 फरवरी 2026 की देर रात 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में एक घर के अंदर वृद्ध महिला श्रीमती जानकी चंद का शव खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलते ही खटीमा पुलिस मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। फील्ड यूनिट और आरएफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका के पुत्र की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न टीमों का गठन कर गहन सुरागरसी शुरू कराई। आसपास लगे करीब 60-70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद पुत्र स्वर्गीय जगदीश चंद, निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा का नाम प्रकाश में आया। 21 फरवरी 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नंगल क्षेत्र में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। पैसों की जरूरत के चलते वह अपनी ताई के घर पहुंचा। 17 फरवरी की शाम खाना खाने के बाद उसने मौका पाकर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अलमारी से नकदी व सामान निकाल लिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित माल की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 33 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।








