19 फरवरी 2026 ( सीमांत की आवाज ) उधम सिंह नगर जनपद में सितारगंज के रनसाली रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वन दरोगा नंदकिशोर पांडे की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को वन दरोगा नंदकिशोर पांडे वनकर्मी भूपेंद्र कुमार, शक्ति सिंह और सूरज कार्की के साथ आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष संख्या एक में पहुंचे। वहां कुछ ट्रैक्टर-ट्रालियों में अवैध खनन सामग्री भरी जा रही थी। स्थानीय रोपण रक्षक सूरज कार्की ने बताया कि कैलाश नदी क्षेत्र में किए जा रहे खनन में साधुनगर निवासी राजकुमार और उसके बेटे शामिल हैं।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों से खनन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम अवैध खनन से भरे वाहनों को रेंज कार्यालय ले जाने लगी। आरोप है कि इसी दौरान पांच लोगों ने गाली-गलौज करते हुए टीम पर हमला कर दिया और वाहन से कुचलने का प्रयास किया।
वन दरोगा ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें गिराकर उनकी वर्दी फाड़ दी और उनका मोबाइल फोन भी गुम हो गया। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
वन विभाग ने अवैध खनन में लिप्त तीन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








