05 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) टनकपुर। सीमांत क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने वर्चुअल माध्यम से टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तारित संचालन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के शुरू होने से उत्तराखंड का सीधा रेल संपर्क उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र से स्थापित हो गया है। वहीं टनकपुर-पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तार से स्थानीय यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को देखते हुए इस नई रेल सेवा को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे में तेज गति से आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण और नए ट्रैक निर्माण का कार्य चल रहा है तथा आम यात्रियों के लिए बड़ी संख्या में नए सामान्य श्रेणी के कोच भी तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्णागिरि धाम, आदि कैलाश और कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को धार्मिक और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसे दोनों राज्यों के लिए लाभकारी बताया। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह, अजय टम्टा और जितिन प्रसाद ने भी नई रेल सेवाओं को क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।










