05 जुलाई 2026,( सीमांत की आवाज ) टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी पर तटबंध निर्माण तथा ₹5.74 करोड़ से ग्राम छीनीगोठ में हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। सेवा पखवाड़े के तहत लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी बेली और चटनी पीसी, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने निक्षय योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित किए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा तटबंध केवल निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने बताया कि लगभग ₹3300 करोड़ की शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से टनकपुर-बनबसा क्षेत्र को धार्मिक और पर्यटन की नई पहचान दी जा रही है। साथ ही महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, कृषि विकास, मानसखंड मंदिर माला मिशन, आईएसबीटी और मीडिया सेंटर जैसी अनेक विकास योजनाओं पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र पर चलते हुए चम्पावत को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों और लाभार्थियों ने भाग लिया।











