बिग न्यूज :- रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी ने किया शहीद ऊधम सिंह की कांस्य प्रतिमा का अनावरण, करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर कलेक्ट्रेट परिसर में महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर उनकी 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है, जिनका बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जनसुविधाओं से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में करीब ₹1.20 करोड़ की लागत से निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं ड्रेनेज कार्य का लोकार्पण किया, जबकि रुद्रपुर की कैनाल कॉलोनी में लगभग ₹2.65 करोड़ की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जा रहे हैं ताकि जनता को सीधा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में रह रहे शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से भी संवाद किया और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें