बिग न्यूज :- मुख्यमंत्री धामी ने एनडीआरएफ गदरपुर बटालियन का किया निरीक्षण, आपदा प्रबंधन तैयारियों का लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने गदरपुर-रुद्रपुर दौरे के दौरान एनडीआरएफ बटालियन, गदरपुर का भ्रमण कर अधिकारियों एवं जवानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, इसलिए एनडीआरएफ जैसी संस्थाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों के साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे मानव जीवन की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बटालियन की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण गतिविधियों और आपदा राहत अभियानों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, एनडीआरएफ कमांडेंट संतोष कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें