बिग न्यूज :- खैनूरी की क्षतिग्रस्त सड़क पर मुख्यमंत्री धामी का त्वरित एक्शन, अधिकारियों को आवागमन बहाल करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

03 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून/चमोली। चमोली जनपद के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर जल्द से जल्द आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम खैनूरी के ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री से संपर्क कर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के करीब 120 परिवारों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और उन्हें दैनिक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के तुरंत बाद अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए जनसुविधाओं को जल्द बहाल किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन का दायित्व है कि आमजन से जुड़े मामलों में तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए धरातल पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन जल्द से जल्द पटरी पर लौट सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें