02 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज )
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर द्वारा आयोजित ‘लाभार्थी सम्मेलन’ में प्रतिभाग करते हुए कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सम्मेलन में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड मदरसा बोर्ड के स्थान पर राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया है, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है और सरकार प्रत्येक बच्चे को बेहतर भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री धामी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड इस कानून को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि यूसीसी महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है तथा इससे सामाजिक समरसता और समान अवसर की भावना को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आवास, पेयजल, सड़क, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने योग्य बनाना है।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी अन्य पात्र लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक परिवार इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के सुझावों के आधार पर योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इन योजनाओं से उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक विनोद चमोली, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











