27 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में फायर सर्विस रुद्रपुर ने शनिवार को नैनीताल रोड स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और स्टाफ को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, रेस्क्यू ऑपरेशन, सीपीआर, प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर आपातकालीन सायरन बजाया गया और सभी को सुरक्षित निकास मार्ग से बाहर निकाला गया। फायर टीम ने रेस्क्यू अभियान का प्रदर्शन करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों और आग से बचाव के उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और संस्थान के स्टाफ को आपदा के समय त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना रहा।











