01 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) चम्पावत में मानसून के मद्देनज़र विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान, स्थानीय मौसम, अतिवृष्टि, भूस्खलन और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर जैसी परिस्थितियों का लगातार आकलन करते हुए आवश्यकता पड़ने पर सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भारी बारिश या अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में यदि सड़क और पैदल मार्ग बाधित होते हैं तो विद्यार्थियों और नौनिहालों की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास को निर्देश दिए हैं कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमानों की नियमित निगरानी करें और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से समन्वय बनाकर स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर त्वरित निर्णय लें।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश से संबंधित हर निर्णय की सूचना तत्काल उन्हें उपलब्ध कराई जाए। साथ ही संबंधित विभागों, विद्यालयों, अभिभावकों और आमजन को समय पर जानकारी दी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और बच्चों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जा सके।










