29 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय भ्रमण पर अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड बाईपास स्थित शारदा नहर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा में लगातार हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खटीमा की जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जनसुनवाई, विकास कार्यों की समीक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खटीमा के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य करती रहेगी।










