29 जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) चंपावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी सौगात देते हुए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने सीमांत क्षेत्र के लिए करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का आधार है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से सशक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक चंपावत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय, धन और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की उच्च स्तरीय जांच स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी। इसका लाभ चंपावत के साथ-साथ पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग सुविधा का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 129 बेड वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण पूरा हो चुका है तथा चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को निःशुल्क एवं कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी नागरिक के इलाज में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से स्वस्थ और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जब हर नागरिक स्वस्थ होगा, तभी प्रदेश समृद्ध और विकसित बनेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।










