30जून 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। उत्तराखंड में 1 और 2 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून और बागेश्वर सहित कई जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश के साथ गर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
2 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
मौसम को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, सड़क बाधित होने पर तत्काल मार्ग खोलने तथा सभी आपदा प्रबंधन अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर आवश्यकता अनुसार रोक लगाने, स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नगर क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करें।











