Big news : बनबसा में 23 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, चम्पावत के जीडी अभ्यर्थियों को 26 और 27 नवंबर को मिलेगा मौका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बनबसा में 23 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, चम्पावत के जीडी अभ्यर्थियों को 26 और 27 नवंबर को मिलेगा मौका तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणी की भर्ती 27 नवंबर को, दलालों और एजेंटों से सावधान रहने की सेना ने दी हिदायत

 

चम्पावत, 22 नवंबर।

बनबसा सैन्य स्टेशन में 23 से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इस भर्ती रैली में चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपद के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। चम्पावत जिले के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों के लिए 26 और 27 नवंबर की तिथियां निर्धारित की गई हैं, जबकि दोनों जनपदों के तकनीकी और ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण) अभ्यर्थियों की भर्ती 27 नवंबर को होगी।

सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबडघाव ने बताया कि भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली यह उत्तराखंड की तीसरी अग्निवीर भर्ती रैली है। पिथौरागढ़ जिले के जीडी अभ्यर्थियों की भर्ती 23, 24 और 25 नवंबर को संपन्न होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही अभ्यर्थी भर्ती रैली में शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में निर्धारित तिथि और समय पर बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचना होगा। साथ ही प्रवेश पत्र और भर्ती अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है।

कर्नल दबडघाव ने अभ्यर्थियों को दलालों और एजेंटों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि सेना में भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है। भर्ती कराने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति या बिचौलिए को पैसे न दें। कोई भी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता।

उन्होंने दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की हेराफेरी से बचने की चेतावनी देते हुए कहा कि एक से अधिक आधार पहचान पत्रों का इस्तेमाल अथवा शैक्षिक प्रमाणपत्रों में जन्मतिथि बदलने जैसी धोखाधड़ी सामने आने पर संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें