चंपावत /नवंबर /2026 सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए चम्पावत पुलिस ने डबल हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया। बनबसा क्षेत्र में आयोजित इस अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक रेखा यादव स्वयं सड़क पर उतरीं और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को हेलमेट वितरित किए। एसपी ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट चालान से बचने का नहीं, बल्कि अनमोल जिंदगी बचाने का सुरक्षा कवच है।
28 नवंबर को बनबसा क्षेत्र में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान एसपी रेखा यादव ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य बताया। साथ ही आईएसआई मार्क हेलमेट का इस्तेमाल करने और उसकी स्ट्रैप बांधने की अपील की।
एसपी ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि आपकी एक छोटी सी सावधानी आपके परिवार की खुशियों को सुरक्षित रख सकती है।












