khatima :कार्तिक पूर्णिमा एवं सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए अरदास की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, भाईचारे, एकता और परोपकार का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलकर समाज में आपसी सद्भाव और समरसता को मजबूत किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक आस्था एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाएंगे।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।












