03 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों सहित कुल 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से होगी।
सीएम धामी ने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जो उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में पद का अर्थ शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में सम्मान और त्वरित समाधान मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके चलते युवाओं का भर्ती परीक्षाओं पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक” के संकल्प को साकार करने में नवचयनित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, राम सिंह कैड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।










