21 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) चंपावत, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में टनकपुर क्षेत्र में सिडकुल (SIDCUL) की स्थापना की दिशा में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
राजस्व विभाग, उद्योग विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग तथा सिडकुल के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान फागपुर बीट संख्या 15 एवं 16 के अंतर्गत लगभग 30 हेक्टेयर भूमि को सिडकुल की स्थापना के लिए चिह्नित किया।
उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अधिकांश हिस्सा खुला हुआ है तथा यहां वृक्षों की संख्या और उनका घनत्व न्यूनतम है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति औद्योगिक विकास की दृष्टि से अनुकूल है और क्षेत्र में सिडकुल की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा, सिडकुल पंतनगर के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मंडल तथा सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






























