04 जुलाई 2026 ( सीमांत की आवाज ) ऋषिकेश/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण : जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री ने संयुक्त रूप से देहरादून जनपद की ₹219 करोड़ से अधिक लागत की 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पांच वर्ष से अधिक समय तक मुख्यमंत्री पद का सफल कार्यकाल पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि यह जनविश्वास, लोकतांत्रिक स्थिरता और विकास की निरंतरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसलों से देश में नई पहचान बनाई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, होमस्टे योजना, लखपति दीदी अभियान, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, जी-20 बैठकों और चारधाम पुनर्विकास कार्यों की भी सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब विकास और निवेश का नया केंद्र बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार के लिए यह अवसर उत्सव का नहीं, बल्कि आत्ममंथन और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित एवं श्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, कृषि, निवेश और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर तेजी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, होमस्टे और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश की 2.65 लाख से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं, जबकि बीते पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़े के दौरान जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकास और जनभागीदारी के इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।











