18 अगस्त 2026 ( सीमांत की आवाज ) खटीमा। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर नगर के लोगों ने कोतवाली खटीमा में ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 12 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के माध्यम से सामान्य वर्ग एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के बीच वैमनस्य पैदा करने का प्रयास किया गया है।
ज्ञापन देने वालों का कहना है कि खटीमा नगर हमेशा से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। आरोप है कि कुछ तत्व वर्तमान परिस्थितियों का लाभ उठाकर जातीय संघर्ष की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से समाज में तनाव बढ़ने की आशंका जताई गई है।
उन्होंने पुलिस से वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने तथा समाज में जातीय वैमनस्य और तनाव फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी स्थिति में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में अजीत जोशी, नीरज वर्मा, गौरीशंकर अग्रवाल, इन्द्रजीत बंसल, नाबिर डंगवाल, संजय कपूर, ललित अग्रवाल, अंकित पाण्डेय, पुरुष सिंह बिष्ट, मुकेश गुप्ता, विनय खरे एवं सुमित गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ज्ञापनकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।






























