बिग न्यूज : हैमर थ्रो में आर्ष यादव का कमाल — कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय रुद्रपुर का नाम रोशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

16 नवम्बर 2025 ( सीमांत की आवाज )

राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में 14 से 16 नवम्बर 2025 तक आयोजित विश्वविद्यालयीय खेल एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कुमाऊँ विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय प्रतिस्पर्धा में सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय, रुद्रपुर के स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र आर्ष यादव ने हैमर थ्रो (7.5 किग्रा) में सर्वाधिक थ्रो दर्ज करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

आर्ष, जो बीए तृतीय सेमेस्टर के छात्र हैं, ने इस उपलब्धि के साथ महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सर्वजीत सिंह यादव, खेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार एवं पीटीआई श्री लोकेश पाण्डेय ने आर्ष की इस अभूतपूर्व सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि महाविद्यालय के इतिहास में पहली बार किसी छात्र ने हैमर थ्रो में गोल्ड मेडल हासिल किया है, जो पूरे कॉलेज के लिए गर्व का विषय है।

महाविद्यालय के समस्त प्रोफेसरगण, स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने आर्ष यादव की कामयाबी पर उन्हें हार्दिक बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर भी गोल्ड मेडल जीतने की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

आर्ष के पिता अनुराग सिंह, जो उत्तराखण्ड पुलिस में सीनियर सब इंसपेक्टर हैं, ने पुत्र की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आर्ष भविष्य में उच्च स्तर पर राज्य और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नई मिसाल कायम करेगा।

गौरतलब है कि अनुराग सिंह स्वयं भी एक उत्कृष्ट खिलाड़ी रह चुके हैं। वर्ष 2015 में जनपद चम्पावत में तैनाती के दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए दिफू, असम में आयोजित राष्ट्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था और उत्तराखण्ड राज्य के लिए रिवाल्वर-पिस्टल शूटिंग में गोल्ड मेडल, तथा राइफल शूटिंग में सिल्वर मेडल हासिल कर राज्य व विभाग का नाम रोशन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें